09 January 2021 06:11 PM
भारत अपडेट। मजदूर किसान शक्ति संगठन और राजस्थान असंगठित मजदूर यूनियन के द्वारा दिल्ली के विभिन्न बॉर्डर पर चल रहे आंदोलनों समर्थन में राजसमंद जिले की भीम की सब्जी मंडी से किसान ट्रेक्टर यात्रा की शुरुआत की। भीम मंडी में बड़ी संख्या में किसानों ने दिल्ली में चल रहे आंदोलन का समर्थन जाहिर किया। मंडी में किसानों के साथ बातचीत करते हुए मजदूर किसान शक्ति संगठन के शंकर सिंह ने कहा कि आज हमें केंद्र सरकार द्वारा लाए गए दो खेती से संबंधित कानूनों एवं आवश्यक वस्तु संशोधन अधिनियम 2020 के बारे में समझना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि बड़ी कंपनी वाले जितना चाहो उतनी जमाखोरी कर सकते हैं। अब किसान का माल सस्ते भाव बिकेगा और वापस बड़े व्यापारियों से बहुत महंगे भाव में खरीदना पड़ेगा। यह बहुत दुर्भाग्य की बात है कि आज भी किसान को न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं मिल रहा है और बड़ी कंपनियां बहुत अधिक मुनाफा कमा रही हैं।
जवाजा में मजदूर किसान संवाद एवं बाजारों में निकली रैली - यात्रा भीम के बाजार में से निकलती हुई जवाजा पहुंची और वहां बांध की पाल पर मजदूरों और किसानों का संवाद हुआ। जवाजा में बड़ी संख्या में मजदूर और किसान साथी आंदोलन के समर्थन में शुरू हुई यात्रा के समर्थन और स्वागत में जुटे। इस संवाद में राजस्थान असंगठित मजदूर यूनियन के सचिव बालूलाल ने कहा कि यह लड़ाई केवल किसानों की नहीं है यह लड़ाई मजदूरों की भी उतनी है जितनी किसानों की है। केंद्र में बैठी सरकार मजदूरों और किसानों के लिए नहीं सोच रही है वह तो अडानी और अंबानी के फायदे के लिए सोच रही है और ये तीनों कानून कंपनियों के फायदे के लिए ही बनाए गए हैं। राजस्थान असंगठित मजदूर यूनियन से जुड़ी बडकोचरा से आई राधा देवी ने कहा कि हम मजदूर पूरी तरह किसानों के साथ हैं। ठेका खेती और मंडी का कानून जो बनाया गया है वह बड़ी कंपनियों के हित में है और मजदूरों और किसानों के लिए बहुत ज्यादा नुकसानदायक है।
जवाजा कस्बे में निकाली रैली- मजदूर किसान संवाद के बाद जवाजा पाल से पूरे कस्बे में रैली निकली जो लगभग एक किलोमीटर लंबी थी। रैली में कौन बनाता हिंदुस्तान देश का मजदूर किसान जैसे नारे पूरे कस्बे में गूंजे और 12 क्वार्टर पर जाकर रैली का समापन हुआ।
ब्यावर के बाजारों में निकाली रैली-जवाजा के बाद किसानों की मांगों के बारे में छोटे व्यापारियों और मजदूर किसानों को बताने के उद्देश्य से ब्यावर में जय मंदिर सिनेमा से शुरू होकर चांग गेट से होकर पाली बाजार, पांच बत्ती, अजमेरी गेट होते हुए भगत चैराहे पर समाप्त हुई। ब्यावर शहर में मजदूर, किसान और व्यापारियों किसान आंदोलन और इस यात्रा का समर्थन किया। ब्यावर शहर में यात्रा को जबरदस्त समर्थन मिला। जवाजा और ब्यावर में वॉलंटियर्स के द्वारा पर्चे बांटे गए जिसमें सरल भाषा में तीनों कानून के बारे में समझाया गया है।
पीपलाज एवं खरवा के लिए निकली यात्रा-यात्रा पीपलाज और खरवा के लिए निकली है जो वहां मजदूरों और किसानों के साथ संवाद करेगी और खरवा में यात्रा का रात्रि विश्राम होगा।
कल अजमेर के विभिन्न गांवों और शहर में संवाद करेगी यात्रा-कल दिनांक 10 जनवरी को किसान समर्थन यात्रा अजमेर जिले के कई गांवों और अजमेर शहर में संवाद करेगी।
उल्लेखनीय है कि मजदूर किसान शक्ति संगठन एवं राजस्थान असंगठित मजदूर यूनियन द्वारा किसानों के समर्थन में यह किसान समर्थन ट्रेक्टर यात्रा शुरू की है जो जगह-जगह संवाद और मीटिंग करते हुए शाहजहांपुर बॉर्डर पहुंचेगी।
RELATED ARTICLES
20 January 2021 08:56 PM
भारत अपडेट डॉट कॉम एक हिंदी स्वतंत्र पोर्टल है, जिसे शुरू करने के पीछे हमारा यही मक़सद है कि हम प्रिंट मीडिया की विश्वसनीयता इस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी परोस सकें। हम कोई बड़े मीडिया घराने नहीं हैं बल्कि हम तो सीमित संसाधनों के साथ पत्रकारिता करने वाले हैं। कौन नहीं जानता कि सत्य और मौलिकता संसाधनों की मोहताज नहीं होती। हमारी भी यही ताक़त है। हमारे पास ग्राउंड रिपोर्ट्स हैं, हमारे पास सत्य है, हमारे पास वो पत्रकारिता है, जो इसे ओरों से विशिष्ट बनाने का माद्दा रखती है।
'भारत अपडेट' शुरू करने के पीछे एक टीस भी है। वो यह कि मैनस्ट्रीम मीडिया वो नहीं दिखाती, जो उन्हें दिखाना चाहिए। चीखना-चिल्लाना भला कौनसी पत्रकारिता का नाम है ? तेज़ बोलकर समस्या का निवारण कैसे हो सकता है भला? यह तो खुद अपने आप में एक समस्या ही है। टीवी से मुद्दे ग़ायब होते जा रहे हैं, हां टीआरपी जरूर हासिल की जा रही है। दर्शक इनमें उलझ कर रह जाता है। इसे पत्रकारिता तो नहीं कहा जा सकता। हम तो कतई इसे पत्रकारिता नहीं कहेंगे।
हमारे पास कुछ मुट्ठी भर लोग हैं, या यूं कहें कि ना के बराबर ही हैं। लेकिन जो हैं, वो अपने काम को बेहद पवित्र और महत्वपूर्ण मानने वालों में से हैं। खर्चे भी सामर्थ्य से कुछ ज्यादा हैं और इसलिए समय भी बहुत अधिक नहीं है। ऊपर से अजीयतों से भरी राहें हमारे मुंह-नाक चिढ़ाने को सामने खड़ी दिखाई दे रही हैं।
हमारे साथ कोई है तो वो हैं- आप। हमारी इस मुहिम में आपकी हौसलाअफजाई की जरूरत पड़ेगी। उम्मीद है हमारी गलतियों से आप हमें गिरने नहीं देंगे। बदले में हम आपको वो देंगे, जो आपको आज के दौर में कोई नहीं देगा और वो है- सच्ची पत्रकारिता।
आपका
-बाबूलाल नागा
एडिटर, भारत अपडेट
bharatupdate20@gmail.com
+919829165513
© Copyright 2019-2025, All Rights Reserved by Bharat Update| Designed by amoadvisor.com