14 June 2020 08:52 PM
भारत अपडेट न्यूज, मुंबई। एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। 34 साल के उम्र में उन्होंने आत्महत्या कर ली। सुशांत ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या की है। इस बात की जानकारी उनके नौकर ने पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही उन्हें बोरिवली के हॉस्पिटल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था। आत्महत्या के पीछे अभी कोई भी वजह सामने नहीं आई है। फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंचकर नौकर और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है। एक्टर से पास से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि निजी कारणों से पिछले 6 महीनों से सुशांत सिंह राजपूत परेशान थे।
सुशांत सिंह राजपूत ने अपनी पहली फिल्म से ही दर्शकों का दिल जीत लिया था और यह साबित भी कर दिया था कि उनमें टैलेंट की कमी नहीं है। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की बायोपिक में मुख्य किरदार निभाकर वे सबके चहेते बन गए थे। 34 साल के डैशिंग सुशांत आखिरी बार 2019 में आई फिल्म ‘छिछोरे’ में नजर आए थे। फैन्स उनको दोबारा पर्दे पर देखने को लेकर काफी बेकरार थे।
अपनी फिल्मों के जरिए जिंदगी जीना सिखाने वाले अभिनेता का इस तरह आत्महत्या कर लेना सभी के लिए काफी शॉकिंग है। फैंस से लेकर बॉलीवुड सेलेब्स तक हर कोई इस खबर को सुनकर शॉक्ड है। सुशांत उन बॉलीवुड सेलेब्स में से एक थे जो न सिर्फ असल जिंदगी में हंसमुख और जिंदादिल थे, बल्कि पर्दे पर एक बेहतरीन अभिनेता भी थे। सुशांत सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहते थे।
‘किस देश में है मेरा दिल‘ सीरियल से अपने कैरियर की शुरुआत करने वाले सुशांत राजपूत को पहचान जी टीवी के मशहूर सीरियल ‘पवित्र रिश्ता‘ से मिली। इसके बाद उन्होंने ‘काइ पो छे‘ फिल्म से बॉलीवुड में एंट्री मारी। सुशांत सिंह राजपूत ने शुद्ध देसी रोमांस, डिटेक्टिव ब्योमकेश बक्शी, एमएस धोनी- दी अनटोल्ड स्टोरी, केदारनाथ और छिछोरे जैसी चर्चित फिल्मों में अभिनय किया।
इस खबर के बाद से पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। बॉलीवुड सेलेब्स इस घटना स्तब्ध हैं और अपनी संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
सुशांत के सुसाइड की खबर सुनकर बॉलीवुड सेलेब्स को भी सदमा लगा है। अक्षय कुमार ने ट्वीट किया, ‘‘मैं बहुत शॉक्ड हूं और मेरे पास कहने के लिए कुछ शब्द नहीं है। मैंने उनकी आखिरी फिल्म छिछोरे देखी थी और उनके प्रोड्यूसर साजिद को मैंने बताया था कि कितना मजा आया मुझे यह फिल्म देखकर। वह बहुत ही टैलेंटेड एक्टर थे।‘‘
उनके निधन पर खेल जगह से सचिन तेंदुलकर, युवराज सिंह, वीरेंद्र सहवाग, हरभजन सिंह, सानिया मिर्जा, मिताली राज, सुरेश रैना, इरफान पठान समेत कई खिलाड़ियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
सचिन ने उनके निधन पर कहा कि, ‘सुशांत सिंह के निधन की खबर सुनकर शॉक्ड और उदास हूं। वो बहुत ही टैलेंटेड और युवा एक्टर थे। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।‘ इस दुखद घटना पर वीरेंद्र सहवाग ने लिखा कि ‘जिंदगी नाजुक है और इसमें हम नहीं जानते कि कौन क्या कर रहा है। ओम शांति ओम..‘
सुशांत की मौत पर पीएम नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि उज्ज्वल युवा अभिनेता बहुत जल्द चला गया। वह अपने पीछे कई यादकर परफॉर्मेंस छोड़ गए हैं। मैं उनके निधन से हैरान हूं। पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘सुशांत सिंह राजपूत...एक उज्ज्वल युवा अभिनेता बहुत जल्दी चला गया। उन्होंने टीवी और फिल्मों में काम किया। मनोरंजन की दुनिया में उनकी सफलता ने बहुतों को प्रेरित किया और अपने पीछे कई यादगार परफॉर्मेंस छोड़ गए। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और फैंस के साथ हैं। ओम शांति।‘‘
साल 2020 न सिर्फ पूरे देश के लिए बल्कि फिल्म इंडस्ट्री के लिए भी बहुत बुरा साबित हो रहा है। एक के बाद एक सिनेमा जगत के लिए बुरी खबरें सामने आ रही हैं। इरफान खान, ऋषि कपूर और वाजिद खान के बाद सुशांत सिंह राजपूत का जाना इंटस्ड्री के लिए बड़ा झटका है।
RELATED ARTICLES
25 February 2021 05:20 PM
भारत अपडेट डॉट कॉम एक हिंदी स्वतंत्र पोर्टल है, जिसे शुरू करने के पीछे हमारा यही मक़सद है कि हम प्रिंट मीडिया की विश्वसनीयता इस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी परोस सकें। हम कोई बड़े मीडिया घराने नहीं हैं बल्कि हम तो सीमित संसाधनों के साथ पत्रकारिता करने वाले हैं। कौन नहीं जानता कि सत्य और मौलिकता संसाधनों की मोहताज नहीं होती। हमारी भी यही ताक़त है। हमारे पास ग्राउंड रिपोर्ट्स हैं, हमारे पास सत्य है, हमारे पास वो पत्रकारिता है, जो इसे ओरों से विशिष्ट बनाने का माद्दा रखती है।
'भारत अपडेट' शुरू करने के पीछे एक टीस भी है। वो यह कि मैनस्ट्रीम मीडिया वो नहीं दिखाती, जो उन्हें दिखाना चाहिए। चीखना-चिल्लाना भला कौनसी पत्रकारिता का नाम है ? तेज़ बोलकर समस्या का निवारण कैसे हो सकता है भला? यह तो खुद अपने आप में एक समस्या ही है। टीवी से मुद्दे ग़ायब होते जा रहे हैं, हां टीआरपी जरूर हासिल की जा रही है। दर्शक इनमें उलझ कर रह जाता है। इसे पत्रकारिता तो नहीं कहा जा सकता। हम तो कतई इसे पत्रकारिता नहीं कहेंगे।
हमारे पास कुछ मुट्ठी भर लोग हैं, या यूं कहें कि ना के बराबर ही हैं। लेकिन जो हैं, वो अपने काम को बेहद पवित्र और महत्वपूर्ण मानने वालों में से हैं। खर्चे भी सामर्थ्य से कुछ ज्यादा हैं और इसलिए समय भी बहुत अधिक नहीं है। ऊपर से अजीयतों से भरी राहें हमारे मुंह-नाक चिढ़ाने को सामने खड़ी दिखाई दे रही हैं।
हमारे साथ कोई है तो वो हैं- आप। हमारी इस मुहिम में आपकी हौसलाअफजाई की जरूरत पड़ेगी। उम्मीद है हमारी गलतियों से आप हमें गिरने नहीं देंगे। बदले में हम आपको वो देंगे, जो आपको आज के दौर में कोई नहीं देगा और वो है- सच्ची पत्रकारिता।
आपका
-बाबूलाल नागा
एडिटर, भारत अपडेट
bharatupdate20@gmail.com
+919829165513
© Copyright 2019-2025, All Rights Reserved by Bharat Update| Designed by amoadvisor.com