नई दिल्ली। ग्लोबल खटीक ऑफिसर्स एंड प्रोफेशनल्स ग्रुप के तत्वावधान में 31 जुलाई को स्कोप कन्वेंशन सेंटर, लोधी रोड, नई दिल्ली में चतुर्थ अंतर्राष्ट्रीय सामुदायिक संपर्क सम्मेलन एवं निःशुल्क करियर मार्गदर्शन सम्मेलन का भव्य एवं सफल आयोजन सम्पन्न हुआ।
सम्मेलन की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह रही कि खटीक समाज के इतिहास में पहली बार परिचय मिलन समारोह के साथ-साथ विद्यार्थियों के लिए व्यापक स्तर पर एकल (वन-टू-वन) निःशुल्क करियर मार्गदर्शन सत्र आयोजित किए गए। इसमें उपस्थित वरिष्ठ भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस), भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस), राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस), राजस्थान पुलिस सेवा (आरपीएस) के अधिकारी, चिकित्सक, इंजीनियर, प्रोफेसर, वैज्ञानिक, बैंक अधिकारी, न्यायिक अधिकारी, रक्षा सेवाओं के अधिकारी, उद्योगपति, व्यवसायी तथा खेल एवं फिल्म जगत के प्रतिष्ठित पेशेवरों ने विद्यार्थियों एवं युवाओं से सीधे संवाद कर उन्हें उनके लक्ष्य, करियर विकल्पों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में व्यक्तिगत मार्गदर्शन प्रदान किया।
सम्मेलन में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि समाज का भविष्य उसके बच्चे और युवा हैं। सामाजिक कार्यक्रमों में उन्हें संवाद का अवसर देने के साथ-साथ सही दिशा में करियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना समाज के समग्र विकास की आधारशिला है।
कार्यक्रम के दौरान समाज के लिए वैश्विक स्तर पर एक समन्वित एवं स्थायी प्रणाली विकसित करने पर व्यापक एवं परिणामोन्मुख चर्चा हुई, जिसके माध्यम से समाज के सभी संगठनों को एक मंच एवं एक जाजम पर लाकर शिक्षा, करियर मार्गदर्शन, रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास, स्वास्थ्य, वैवाहिक सहयोग एवं अन्य सामाजिक विषयों पर दीर्घकालीन एवं प्रभावी समाधान विकसित किए जा सकें।
सम्मेलन में देशभर से आए अधिकारियों एवं पेशेवरों ने विद्यार्थियों को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी), कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी), बैंकिंग, रेलवे, राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट), संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई), कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (क्लैट), चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए), प्रबंधन स्नातकोत्तर (एमबीए) तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया। साथ ही समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों, उत्कृष्ट अधिकारियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ प्राप्त करने वाले व्यक्तित्वों का सम्मान भी किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य सूत्रधार रमेश सांभरिया ने बताया कि सम्मेलन का मूल उद्देश्य “साथ मिलकर आगे बढ़ें – समाज को लौटाएँ” की भावना को साकार करते हुए समाज में शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, करियर मार्गदर्शन, नेटवर्किंग एवं सामाजिक सशक्तिकरण को नई दिशा प्रदान करना है।
उन्होंने देशभर एवं विदेशों से पधारे सभी वरिष्ठ अधिकारियों, पेशेवरों, समाजबंधुओं, युवाओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों, सहयोगियों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग, सहभागिता एवं समर्पण से यह आयोजन ऐतिहासिक, प्रेरणादायी एवं अत्यंत सफल रहा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सम्मेलन समाज के लिए नई कार्यसंस्कृति एवं सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
कार्यक्रम में पूर्व वरिष्ठ आईएएस उर्मिला राजोरिया, एसीपी जयपाल सिंह बंभोरिया, रेलवे बोर्ड सदस्य रूपनारायण शंकर, आरएएस उन्नत राजोरिया, आरएएस अमन सोलंकी, उद्योगपति कैलाश सांखला, राधेश्याम दायमा (वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी, एसएमएस अस्पताल), शिवलाल बसवाल (महाप्रबंधक, एयरपोर्ट अथॉरिटी, दिल्ली), उद्योगपति रमेश बसवाला, महेश दायमा (विक्रय कर अधिकारी), उद्योगपति लोकेश नारायणी, महेश खींची (विक्रय कर अधिकारी), व्यवसायी राजेंद्र सांखला, उद्योगपति किशोर राजोरा, मनोज बसवाला (उप महाप्रबंधक, एनटीपीसी, दिल्ली), सुमित तंवर (जोबनेर), समाजसेवी ललित सोयल सहित खटीक समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
