जोबनेर। डॉ अम्बेडकर मेमोरियल वेलफेयर सोसाइटी जयपुर देहात इकाई की ओर से गंगानगर विधायक बिहानी द्वारा सहायक अभियंता जगन लाल बैरवा के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले में सख्त कार्रवाई की मांग उठाई गई। इस संबंध में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम एक ज्ञापन उपखंड अधिकारी, जोबनेर को सौंपा गया।
ज्ञापन का नेतृत्व जिला महासचिव मांगीलाल बुनकर ने किया। ज्ञापन में कहा गया कि सहायक अभियंता जगन लाल बैरवा के साथ हुई कथित घटना न केवल एक सरकारी अधिकारी के सम्मान पर आघात है, बल्कि कानून व्यवस्था और सामाजिक न्याय के मूल्यों के भी विपरीत है। सोसायटी ने राज्य सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विनोद वर्मा रलावता, जिला उपाध्यक्ष लालचंद पंवार, जिला कार्यकारिणी सदस्य श्रवणलाल धुवारिया, मदनलाल गुरावा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित पक्ष को न्याय नहीं मिला तो समाज स्तर पर व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।
